मिस्टर फ्रेशर के रूप में चुना गया कौशल भोजक को
लाडनूँ, 20 सितम्बर 2026। जैन विश्वभारती संस्थान के अहिंसा एवं शांति विभाग में सीनियर विद्यार्थियों द्वारा अपने जूनियर्स के लिए स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. वंदना कुंडलिया ने सभी नव आगंतुक विद्यार्थियों का स्वागत किया और उन्हें संदेश दिया कि आपने जो लक्ष्य निर्धारित किया है, उसे इन दो वर्षों में आप पूरा करने का प्रयास करें। जीवन का यह दौर व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण निर्णायक भूमिका रखता है। जीवन के इस दौर में सभी को अपने विकास के नूतन आयाम स्थापित करने चाहिए। विभाग के संकाय सदस्य डॉ. रविंद्र सिंह राठौड़ ने अपने विद्यार्थी जीवन को याद करते हुए विद्यार्थियों के साथ कुछ अनुभव साझा किए और उन्हें सदैव सन्मार्ग पर चलने के लिये प्रेरित किया। विभाग के सहायक आचार्य डॉ. बलबीर सिंह एवं डॉ. लिपि जैन ने भी इस अवसर पर विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य पर एकाग्रचित होकर आगे बढ़ने की बात कही और साथ ही संस्थान के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने पर बल दिया। सहायक आचार्य डॉ.रवीना टैगोर ने भी विद्यार्थियों का स्वागत सम्मान करते हुए अपने विचार प्रस्तुत किये। कार्यक्रम में विभाग के सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने नृत्य,कविता आदि की आकर्षक प्रस्तुति दी, साथ ही नवागंतुक विद्यार्थियों को मनोरंजक गेम्स भी खिलवाये गये। कार्यक्रम का संचालन मोनिका तथा वर्षा ने किया।



